Thursday 8 August 2019

साईं विहार कालोनी में काफी समय से सड़क पर जलभराव के कारण लोग परेशान हैं।


                                        
रामपुर : साईं विहार कालोनी में काफी समय से सड़क पर जलभराव के कारण लोग परेशान हैं। कालोनी में बने नाले के पानी की निकासी का अभी तक कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हो सका है, जिससे नाले का गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। सड़क पर जलभराव बढ़ने पर घरों में उलटा पानी भरने लगता है। इधर से स्कूल जाते समय छोटे बच्चे पानी में गिरकर कपड़े खराब कर लेते हैं। पानी भरा होने पर सड़क किनारे के खुले नाले का पता नहीं लगता। इसमें गिरकर कई बार बाइक सवार चोटिल हो चुके हैं। कई पशु भी इस नाले में गिर चुके हैं।

गंदे पानी के कारण कालोनी में मच्छर भी खूब पनप रहे हैं, इससे कालोनी में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। कालोनी के लोगों ने नाले के पानी की निकासी का स्थाई इंतजाम करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि नगर पालिका के द्वारा कालोनी में सड़कों और नालों का निर्माण कराया गया, लेकिन नाला बनने के बाद भी इसका कोई फायदा नहीं मिल पा रहा। गंदे पानी के जलभराव के कारण आसपास के लोगों का बदबू से बुरा हाल है। कभी-कभी सड़क पर इतना जलभराव हो जाता है कि नाले का पानी उलटा घरों में आने लगता है। जलभराव के कारण हादसे भी हो रहे हैं। सड़क पर जलभराव के कारण सड़क किनारे बना नाला कई बार लोगों को दिखाई नहीं देता, जिसके कारण अक्सर दोपहिया वाहन सवार इसमें गिरकर चोटिल हो चुके हैं। कई बार गाय भी इस नाले में गिर चुकी हैं, जिसे मुहल्ले के लोगों ने मिलकर बाहर निकाला। इसके अलावा स्कूल जाते समय छोटे-छोटे बच्चे और बुजुर्गों को काफी परेशानी होती है। इधर से गुजरते समय अगर कोई वाहन तेजी से निकल जाए तो गंदे पानी की छींटें कपड़ों पर आ जाती हैं। इससे लोगों की वाहन स्वामियों से झड़प भी हो जाती हैं। गंदे पानी में मच्छर पनप रहे हैं, जिससे कालोनी में संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों ने आगापुर रोड के नाले का निर्माण कार्य पूरा न होने तक कालोनी के पानी की निकासी की स्थाई वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग की।
कालोनी के लोगों ने कई बार अधिकारियों से इसकी शिकायत की मगर कालोनी के पानी की निकासी का अभी तक कोई स्थाई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हुई।
नाले का पानी उफनने के बाद सड़क पर जलभराव हो जाता है। इधर से गुजरते समय कई बार दोपहिया वाहन सवार को नाले का पता नहीं लगता और गिरकर घायल हो जाते हैं।
शिवम् भारद्वाज (समाजसेवी)

No comments:

Post a Comment